देहरादून। देहरादून शहर में बढ़ती पार्किंग समस्या के समाधान के लिए परेड ग्राउंड और सचिवालय में अंडरग्राउंड पार्किंग परियोजनाओं को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में दोनों परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर पार्किंग क्षमता विकसित करने के निर्देश दिए।
बड़े खुले ग्रीन स्पेस के रूप में किया जाए विकसित
बैठक में लोक निर्माण विभाग के सचिव डा. पंकज कुमार पांडेय ने देहरादून में परेड ग्राउंड के नीचे प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन का प्रस्तुतीकरण दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि पार्किंग निर्माण के साथ ही परेड ग्राउंड और गांधी पार्क को बिना किसी नए स्थायी निर्माण के जोड़कर एक बड़े खुले ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि पार्किंग की क्षमता बढ़ाने के लिए डबल बेसमेंट का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्किंग में अधिक से अधिक प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को सुविधा मिले और आपात स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर रहे। उन्होंने कहा कि पूरे क्षेत्र को एक समग्र परियोजना के रूप में विकसित किया जाए तथा इसके लिए सभी संबंधित पक्षों से परामर्श भी किया जाए।
बैठक में सचिवालय परिसर में प्रस्तावित अंडरग्राउंड पार्किंग के डिजाइन पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून के भविष्य के यातायात दबाव को देखते हुए पर्याप्त पार्किंग क्षमता सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही राजपुर रोड पर एलिवेटेड पार्किंग की संभावना का विस्तृत डिजाइन तैयार कर जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव डा. आर. राजेश कुमार, एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, देहरादून के मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।