देहरादून में फिर गरजा बुलडोजर, चार बड़ी कार्रवाई; 10 बीघा प्लाटिंग ध्वस्त

देहरादून। राजधानी में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शा स्वीकृत कराए निर्माण करने वालों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया।

प्राधिकरण की टीम ने नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के पास करीब 10 बीघा में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया। वहीं, देहरादून व ऋषिकेश में तीन अवैध निर्माणों को सील कर दिया गया। लगातार कार्रवाई से भूमाफिया व नियमों की अनदेखी कर निर्माण करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

एमडीडीए की सेक्टरवार प्रवर्तन टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माण व प्लाटिंग की शिकायतें मिल रही थीं। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर बुधवार को एक साथ चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। नया हाईवे स्थित सुमेरू विहार के निकट कुलदीप रावत द्वारा लगभग 10 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग में बनाई गई सड़क, सीमांकन और अन्य विकास कार्यों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया।

चुक्खुवाला में पोस्ट आफिस के पीछे राजेश्वरी भट्ट द्वारा बिना अनुमति कराए जा रहे निर्माण को सील कर दिया गया। ऋषिकेश के हरिपुर कलां में भी दो स्थानों पर कार्रवाई की गई। आदित्य नाथ अखाड़े के सामने आदित्य मित्तल द्वारा कराए जा रहे निर्माण और गोडविन स्कूल के निकट धीरेन्द्र परिहार द्वारा किए जा रहे निर्माण पर भी एमडीडीए ने सील लगा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *