, देहरादून। जिला अस्पताल (कोरोनेशन) में हाल ही में जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान के निरीक्षण के दौरान वार्डों में गंदगी और कई अनियमितताएं मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आ गया है।
अब अस्पताल में प्रतिदिन तीन बार सफाई होगी और इसकी निगरानी की जिम्मेदारी स्टाफ नर्सों को सौंपी गई है।
प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. यतेंद्र सिंह ने शनिवार को इमरजेंसी से लेकर विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
साथ ही निरीक्षण के दौरान बंद मिले एयर कंडीशनर ठीक करा दिए गए हैं और मरीजों की सुविधा के लिए अतिरिक्त पंखे भी लगाए हैं।
बीते बुधवार को जिलाधिकारी ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर आइसीयू में एसी बंद, रजिस्टर अधूरे, वार्डों में गंदगी पर नाराजगी जताते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
वहीं, बीते गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के बाद डा. यतेंद्र सिंह अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
शनिवार को उन्होंने अस्पताल का तीन से चार बार निरीक्षण किया और कर्मचारियों से फीडबैक लेने के साथ मरीजों से भी बातचीत की।
उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने और पूरे अस्पताल में दिन में तीन बार सफाई कराने के निर्देश दिए।
प्रत्येक वार्ड में सफाई व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी नर्सिंग स्टाफ को दी गई है। यदि कहीं सफाई में लापरवाही मिलती है तो इसकी तत्काल रिपोर्ट करने को कहा गया है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की विभागवार ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है, ताकि सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।
स्वास्थ्य महानिदेशक ने भी किया निरीक्षण
स्वास्थ्य महानिदेशक डा. सुनीता टम्टा ने भी शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और अस्पताल में किए जा रहे सुधार कार्यों की सराहना की।
कहा कि मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी न हो इस पर विशेष ध्यान दिया जाए।