देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर में आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कुछ दिन शांत रहने के बाद एक बार फिर क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना सामने आई है।
मुजफ्फरनगर से अपने देहरादून निवासी दोस्त से मिलने पहुंचे दो युवकों की आपस में बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक ने दूसरे के पेट पर चाकू घोंप दिया।
गंभीर हालत में युवक को उप जिला चिकित्सालय प्रेमनगर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख हायर सेंटर रेफर कर दिया गया
पुलिस ने घायल के स्वजन को सूचित कर दिया है, वहीं हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की जा रही है
शनिवार को प्रेमनगर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि दशहरा ग्राउंड में दो युवकों के बीच चाकूबाजी हुई है। जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
आसपास मौजूद लोगों ने उपचार के लिए घायल को नजदीकी उप जिला चिकित्सालय प्रेमनगर पहुंचाया है। सूचना पर प्रेमनगर कोतवाली से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घायल युवक की पहचान कृष्णा मालिक निवासी ग्राम कज्जिखेड़ा मुजफ्फरनगर,उत्तर प्रदेश, के रूप में हुई।
घायल युवक के साथी दून निवासी नितिन ने पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी। नितिन ने बताया कि कृष्ण मलिक अपने एक अन्य साथी शिवानंद उर्फ शिवा निवासी सिसोली मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश के साथ आज घूमने के लिए देहरादून आया था। वह शाम करीब छह बजे दशहरा ग्राउंड प्रेमनगर के पास पहुंचे।
इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया तथा हाथापाई हो गई। विवाद के दौरान शिवा ने कृष्णा मलिक के पेट पर चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गया।