देहरादून । राज्य सरकार स्वास्थ्य से जुड़ी नई व बड़ी पहल करने जा रही है। राज्य के सभी 95 ब्लाकों में तीन दिवसीय स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोग को एक ही स्थान पर जांच, इलाज और विशेषज्ञ डाक्टरों की सुविधा मिलेगी।
मरीजों को शिविर में सिर्फ उपचार ही नहीं दिया जाएगा बल्कि उनकी बीमारी का पूरा डिटेल व घर का पता लेकर दवा डाक से नियमित भेजी जाएगी। प्रत्येक 15 दिन में एडवांस दवा मरीज के घर पहुंचेगी। इसके लिए डाक विभाग से करार की वार्ता चल रही है। इस अभियान का पहला शिविर चार जुलाई को लगाया जाएगा।
सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय की पहल
स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय की पहल पर होने जा रहा है। स्वास्थ्य शिविर आधुनिक चिकित्सा सेवा से लैस होंगे, ताकि मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों के चक्कर न लगाने पड़ें। शिविरों में सभी प्रमुख जांचों की सेवा मुहैया कराई जाएगी। इनमें ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, सीबीसी, थायराइड जांच, लिवर और किडनी फंक्शन टेस्ट, कोलेस्ट्राल जांच सहित अन्य पैथोलाजी जांच शामिल होंगी
इसके अलावा एक्स-रे, हड्डियों से जुड़ी जांच, ईसीजी, ब्लड प्रेशर, नेत्र परीक्षण और अन्य जरूरी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। शिविरों में हृदय रोग, हड्डी रोग, महिला रोग, बाल रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग समेत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डाक्टर मौजूद रहेंगे। मरीजों को एक ही जगह पर विशेषज्ञों की राय और उपचार की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग मरीजों का आधार कार्ड, नाम, पता, बीमारी और स्वास्थ्य संबंधी पूरा विवरण डिजिटल रूप से दर्ज करेगा। इसके बाद बीमारी के आधार पर मरीजों का वर्गीकरण किया जाएगा, जिससे उनके इलाज और निगरानी की व्यवस्थित व्यवस्था बनाई जा सके।