देहरादून स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग का खुलासा, जांच के घेरे में तीन सीनियर छात्र

देहरादून । महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में रैगिंग का मामला तूल पकड़ने लगा है। रैंगिग में शामिल तीन छात्रों के नाम सामने आ रहे हैं। इन छात्रों को जल्द कालेज प्रशासन जांच के दायरे में ले सकता है। इसके अलावा अन्य छात्रों से भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक बीते दिनों महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज में छोटी कक्षाओं के छात्रों और अभिभावकों ने कालेज प्रशासन से मुलाकात कर बच्चों के साथ मानसिक उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि सीनियर छात्र जूनियर खिलाड़ियों से जबरन निजी काम करवाते हैं।

विरोध करने पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। जिससे पढ़ाई और खेल में छात्र बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं। एक अन्य छात्र के पिता ने बेटे का प्रवेश निरस्त करने के लिए आवेदन किया है। जबकि दूसरे छात्र को स्वजन अपने साथ घर ले गए हैं। एक तीसरे अभिभावक ने भी शिकायत दर्ज कराई है। विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा ने कहा मामला संज्ञान में नहीं है।

छात्र के अभिभावक व्यक्तिगत मिलकर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा कालेज प्रबंधन से इस संदर्भ में सवाल-जवाब किए जाएंगे। मामला सही पाए जाने पर जिम्मेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *