देहरादून। उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप और बादलों की आवाजाही के बीच उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का दौर जारी है।
देहरादून में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह तेज धूप खिलने के बाद दोपहर में बादलों ने डेरा डाला और शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। आज भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि की चेतावनी है।
गुरुवार को दोपहर बाद देहरादून के सहस्रधारा रोड, कैनाल रोड, मसूरी रोड और रायपुर क्षेत्र में हुई जोरदार बारिश से मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, बारिश के साथ तेज हवा भी चली।
कैनाल रोड पर एक पेड़ गिरने से यातायात काफी देर तक बाधित रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है
वहीं, देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा के साथ गर्जन की संभावना जताई गई है। राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की आशंका है
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 36.5, 24.2
पंतनगर, 37.4, 24.6
मुक्तेश्वर, 22.8, 14.6
नई टिहरी, 27.1, 15.0