नीट (यूजी) री-एग्जाम: अलर्ट मोड पर देहरादून पुलिस, सभी सेंटरों पर कड़ी निगरानी

देहरादून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून को आयोजित की जाने वाली नीट (यूजी) पुनः परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जबकि निगरानी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

दून पुलिस ने कसी कमर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गठित टीमें प्रतिदिन परीक्षा केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर रही हैं। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैठने की योजना समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया जा रहा है। यदि कहीं कोई कमी पाई जा रही है तो उसे तत्काल दूर कराने के लिए परीक्षा केंद्र प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित होटल, गेस्ट हाउस, धर्मशालाओं और ढाबों की भी चेकिंग अभियान शुरू किया है। यहां ठहरे लोगों का सत्यापन किया जा रहा है तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

दून पुलिस का कहना है कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो, इसके लिए पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि अभ्यर्थी निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में परीक्षा दे सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *