देहरादून में नगर निगम का अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, वन गूजरों का विरोध बेअसर

देहरादून। नगर निगम ने सोमवार को तपोवन रोड क्षेत्र में अपनी भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 700 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान वन गूजरों ने जोरदार विरोध किया, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। विरोध बढ़ने पर पुलिस बल को बुलाना पड़ा और हल्की झड़प के बाद निगम की टीम ने अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार, तपोवन रोड पर सोम बस्ती में नगर निगम की वन क्षेत्र से सटी भूमि पर कुछ वन गूजरों की ओर से कब्जा कर तीन झुग्गियां बना ली गई थीं। स्थानीय निवासी लंबे समय से इस अतिक्रमण की शिकायत नगर निगम से कर रहे थे।

शिकायतों के आधार पर सोमवार को निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची। कार्रवाई शुरू होते ही वहां रह रहे वन गूजरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

कुछ लोग जेसीबी मशीन के आगे लेट गए और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। स्थिति बिगड़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया।

इस दौरान अतिक्रमणकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारते हुए विरोध कर रहे लोगों को पीछे हटाया, जिसके बाद निगम की टीम ने तीनों अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया

नगर निगम की भूमि अधीक्षक पूनम रावत ने बताया कि निगम की लगभग 700 वर्गमीटर भूमि पर अवैध कब्जा पाया गया था, जिसे हटाकर भूमि को कब्जामुक्त करा लिया गया है।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।

सड़क-फुटपाथ पर भी अतिक्रमण पर कार्रवाई

नगर निगम की दूसरी टीम ने लालपुल से निरंजनपुर क्षेत्र तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान 17 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई भी की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *