देहरादून। उत्तराखंड में इन दिनों वर्षा का दौर जारी है। धूप और बादलों की आंख-मिचौली के बीच हो रही रुक-रुक कर बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। पहाड़ से लेकर मैदान तक तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। आज भी पहाड़ों में गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले शनिवार को प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से सामान्य से कम दर्ज किया गया। अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है।
हालांकि, मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को राज्य के पर्वतीय जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। पहाड़ों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।