देहरादून। महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी सोमवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में पद्मभूषण से नवाजे जाएंगे। राष्ट्रपति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु अन्य विभूतियों के साथ उन्हें सम्मान प्रदान करेंगी।
भगत दा के नाम से प्रसिद्ध पूर्व मुख्यमंत्री कोश्यारी प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, पत्रकार और समर्पित राष्ट्रवादी नेता हैं। वर्ष 1966 में उन्होंने स्वयं को पूरी तरह से शैक्षणिक और समाज सेवा के लिए समर्पित कर पिथौरागढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना की।
उन्होंने लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह के रूप में कार्य किया। पिथौरागढ़ से हिंदी साप्ताहिक का प्रकाशन भी किया। आपातकाल के दौरान उन्हें मीसा के तहत गिरफ्तार किया गया। वर्ष 1997 में कोश्यारी उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लिए नामित किए गए।
उत्तराखंड बनने के बाद अंतरिम सरकार में वह कैबिनेट मंत्री बने और बाद में थोड़े समय के लिए उत्तरांचल (अब उत्तराखंड) के मुख्यमंत्री बने। वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। वर्ष 2008 में वह राज्यसभा और 2014 में नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सीट से लोकसभा के लिए चुने गए।
पांच सितंबर, 2019 को उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया। अगस्त 2020 में उन्हें गोवा के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया