Uttarakhand Weather Today: पहाड़ों में बरसी राहत, मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का सितम बरकरार

देहरादून। Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है। बदरीनाथ-केदारनाथ समेत ऊंची हिमालयी चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है।

दूसरी ओर देहरादून समेत मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप अब भी बरकरार है। हालांकि, अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन पारा अभी 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है और गर्म हवाओं के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश के पर्वतीय जिलों में ओलावृष्टि, गर्जन, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर साफ दिखा। बदरीनाथ-केदारनाथ धाम की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है, जबकि नावीढांग और ओम पर्वत क्षेत्र में शाम के समय बर्फबारी दर्ज की गई। कुमाऊं मंडल में मौसम ने राहत पहुंचाई।

बीच-बीच में आंशिक बादल छाने से राहत की उम्मीद बनी, लेकिन उमस और गर्म हवाओं ने मुश्किलें बढ़ाईं। जबकि मसूरी और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। राज्य के मैदानी जनपदों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहेगा, जिससे गर्मी से तत्काल राहत मिलने के आसार कम हैं।

दून में 10 वर्ष में सबसे गर्म रात

दून में गुरुवार की रात पिछले 10 वर्ष में सबसे गर्म रही। इस दौरान दून का न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है और वर्ष 2016 के बाद मई में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान है।

इससे पहले वर्ष 2016 में 24 मई को 26 डिग्री सेल्सियस तापमान सर्वाधिक रिकार्ड किया गया।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 39.7, 25.9

ऊधमसिंह नगर, 40.4, 24.0

मुक्तेश्वर, 31.0, 16.8

नई टिहरी, 29.8, 18.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *