देहरादून के विकासनगर में दिनदहाड़े खूनी हमला, मेडिकल स्टोर संचालक पर पाठल से किया ताबड़तोड़ वार

विकासनगर (देहरादून)। सहसपुर कोतवाली अंतर्गत बद्रीपुर में मेडिकल स्टोर संचालक को पाठल से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। सरेराह धारदार हथियार (पाठल) से कई बार ताबड़तोड़ वार करने के बाद आरोपित फरार हो गया।

घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश दिखाई दिया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और घटना पर चिंता जताई।

दिनदहाड़े जानलेवा हमला

देहरादून जिला मुख्यालय से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के मेदनीपुर बद्रीपुर गांव में रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सिरफिरे युवक कार्तिक ने दिन दहाड़े मेडिकल स्टोर संचालक महेन्द्र सिंह पर पाठल से जानलेवा हमला कर दिया।

मेडिकल संचालक घायल

खूनी संघर्ष में मेडिकल स्टोर संचालक महेंद्र लहूलुहान हो गए। हमला इतना अप्रत्याशित था कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। महेंद्र की चीख-पुकार सुनकर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय ग्रामीण सुनील ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। जहां उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने के कारण कई टांके आए हैं।

पुलिस ने दी दबिश

सरेराह हुई इस दुस्साहसिक वारदात पर व्यापार मंडल और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मौके पर कोतवाल प्रदीप रावत, एसएसआई मनमोहन नेगी, चौकी इंचार्ज धर्मावाला पंकज कुमार मय पुलिस बल के पहुंचे और हमलावर की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।

साक्ष्य एकत्रित किए

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए देहरादून से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया और वहां से साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए।

पुलिस में दी तहरीर

घायल के भाई गेन्दन सिंह पुत्र बहादुर सिंह निवासी बद्रीपुर मेदनीपुर ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि उसका भाई महेन्द्र सिंह गांव में मेडिकल स्टोर चलाता है।

भाई महेन्द्र सिंह के साथ गांव के ही कार्तिक पुत्र रवि निवासी मेदनीपुर बद्रीपुर ने चार पांच दिन पहले गाली-गलौज की थी

रविवार को जब उसका भाई महेन्द्र सिंह गुप्ता क्रेना स्टोर के पास पानी की टंकी पर पानी भरने आया था, वहीं पर कार्तिक ने उसके भाई के ऊपर पाठल से कई वार किए। जिससे उसका भाई गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने तहरीर पर कार्तिक के खिलाफ जानलेवा हमले आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

कोतवाल प्रदीप रावत के अनुसार, पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपित के स्वजन ने कार्तिक के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने का दावा किया है। जिसकी पुलिस मेडिकल प्रमाण पत्रों और डॉक्टरों के माध्यम से गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *