देहरादून। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे जनगणना कार्य की धीमी प्रगति और कुछ इलाकों में सामने आ रही बाधाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये आयोजित समीक्षा बैठक में नोडल जनगणना अधिकारी एवं अपर नगर आयुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा कराया जाए।
जनगणना कार्य की प्रगति रिपोर्ट की प्रस्तुत
बैठक में विभिन्न चार्ज अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे जनगणना कार्य की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश ब्लाकों में जनगणना कार्य शुरू हो चुका है और कई क्षेत्रों में तेजी से काम आगे बढ़ रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में प्रगणकों की लापरवाही व स्थानीय लोगों के असहयोग की शिकायतें भी सामने आईं।
इस पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में वाणी विहार मलिन बस्ती का मामला भी उठा, जहां कुछ लोगों द्वारा जनगणना कार्य में बाधा उत्पन्न किए जाने की जानकारी दी गई। इस पर नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से लोगों को जागरूक कर जनगणना कार्य सुचारु रूप से पूरा कराया जाए।
अपर नगर आयुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों से कहा कि वे स्वयं फील्ड में जाकर निरीक्षण करें और प्रगणकों व सुपरवाइजर्स के कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में ढिलाई स्वीकार नहीं होगी। पोर्टल पर उपलब्ध प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा में कुछ चार्जों की स्थिति असंतोषजनक पाई गई।
उत्तराखंड में आज से शुरू होगी भवनों की गणना, जानें पूरी प्रक्रिया और नियम
इस पर अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए तीन दिन बाद दोबारा समीक्षा बैठक बुलाने की घोषणा की गई। नगर निगम प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि जनगणना कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में सटीक और समयबद्ध आंकड़े सुनिश्चित किए जाएं।