Uttarakhand Weather Today: आज भी देहरादून समेत 7 जिलों में ओलावृष्टि, अंधड़ और तेज बारिश का अलर्ट

देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में मौसम का तल्ख मिजाज आफत बन गया है। पहाड़ से मैदान तक झमाझम बारिश, ओलावृष्टि और तेज अंधड़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। वहीं कई जिलों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

वहीं, देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में अंधड़ से पेड़ और बिजली के पोल धराशायी होने से नुकसान हुआ। बारिश के कारण पहाड़ से मैदान तक पारे में भी भारी गिरावट दर्ज की गई

मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी प्रकार का बना रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। देहरादून समेत सात जिलों में तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रविवार को प्रदेशभर में ही सुबह से घने बादल मंडराते रहे और गरज-चमक के साथ तीव्र बौछारों का दौर शुरू हुआ।

चमोली जिले में दोपहर बाद मौसम बदला और बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब व औली-गौरसों समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि देवाल और थराली सहित निचले इलाकों में ओलावृष्टि दर्ज की गई।

पौड़ी जिले में तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से संपत्ति क्षतिग्रस्त हुई, जबकि विद्युत लाइनें टूटने से 12 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बिजली गुल होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। श्रीनगर गढ़वाल में चलते धारी देवी और गोवा बीच क्षेत्र में मोटर बोट और राफ्टिंग संचालन एहतियातन बंद कर दिया गया है। लोगों से नदी किनारों से दूर रहने की अपील की गई है

टिहरी और उत्तरकाशी जिलों में भी अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश के कारण फसलों को नुकसान पहुंचा है। देहरादून और मसूरी क्षेत्र में सुबह अचानक अंधड़ और तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।

देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसके अलावा कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *