उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले दो दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदल गया और पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ओलावृष्टि और अंधड़ ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं।

हालांकि, निचले इलाकों में हल्की बौछारों के बाद पारे में गिरावट दर्ज की गई और भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। पहाड़ों में आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई तो कहीं तेज हवा के साथ बौछारें पड़ीं। चारधाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्की वर्षा की सूचना है

पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं जोरदार गरज के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ चला। कुमाऊं में कई स्थानों पर आंधी के कारण भारी नुकसान हुआ।

मैदानी क्षेत्रों में वर्षा से पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है। जिससे भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिल गई है।

अगले दो दिन प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला रहने और पारे में और गिरावट आने की उम्मीद है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

वहीं, 4400 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। शेष पर्वतीय जनपदों में भी कुछ स्थानों पर वर्षा और गर्जन के साथ बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने देहरादून, नैनीताल सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की चेतावनी दी है।

इन जिलों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शेष पर्वतीय क्षेत्रों में भी यलो अलर्ट के तहत गर्जन, बिजली चमकने और तेज बारिश के दौर के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

विभिन्न शहरों का तापमान

शहर, अधिकतम, न्यूनतम

देहरादून, 34.7, 21.8

ऊधमसिंह नगर, 36.4, 22.0

मुक्तेश्वर, 28.1, 13.9

नई टिहरी, 25.6, 15.2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *