देहरादून। चमन विहार स्थित शराब ठेके बाहर युवक के गले पर तेजधार हथियार से हमला करने वाले चार आरोपितों को पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मानव गुप्ता निवासी ब्राह्मणवाला मूल निवासी फतेहगंज पूर्वी, बरेली (उत्तर प्रदेश), ओम सिंह निवासी ब्रह्मपुरी मूल निवासी कोटरा थाना बिहानी, जिला हरदोई, आयुष पंवार निवासी ब्रह्मपुरी मूल निवासी पौड़ी और हिमांशु सिंह निवासी ब्रह्मपुरी मूल निवासी बिहानी थाना बिहानी, जिला हरदोई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
दिपांशु अरोड़ा निवासी दयानंद नगर, शामली (उत्तर प्रदेश) ने पटेलनगर कोतवाली में तहरीर दी कि उनका भाई हिमांशु अरोड़ा अपने दोस्त अंकित जैन से मिलने चमन विहार स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास गया था। वहां पर कुछ लड़के एक व्यक्ति को मार रहे थे।
हिमांशु और अंकित जैन, मोहसीन व शुभम ने बीच-बचाव किया तो मानव, हिमांशु, आयुष, ओम सिंह और उनके अन्य दोस्त, जो ब्रह्मपुरी के रहने वाले हैं, ने जान से मारने की नियत से हिमांशु के गले पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया।
इस मामले में आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा किया गया। एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है