Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में पारा 35 पार, भीषण गर्मी को रहें तैयार

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है और चटख धूप खिलने से पारे में भी तेजी से उछ़ाल दर्ज किया जा रहा है। मैदानी क्षेत्रों में गर्मी पसीने छुड़ा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाये रहने और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। पहाड़ों में तेज हवाएं चलने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास

देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही, जिससे दोपहर में तपिश बढ़ गई। वहीं, ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में भी अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकार्ड किया जा रहा है, जो कि सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। पहाड़ों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक है। हालांकि, फिलहाल न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम दर्ज किया जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है।

खासकर मैदानी क्षेत्रों में पारे में तेजी से वृद्धि हो सकती है। अगले सप्ताह से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा के दौरान भी गर्मी परीक्षा ले सकती है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, श्रीनगर, कोटद्वार, विकासनगर आदि निचले क्षेत्रों में गर्मी बेहाल कर सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में फिलहाल मौसम कुछ राहत दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *