देहरादून। देहरादून के व्यस्ततम मार्गों में शामिल बल्लीवाला फ्लाईओवर पर सुबह एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर की दीवार से जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर तेज गति में था और अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वाहन सीधे फ्लाईओवर की साइड वॉल से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और डंपर का अगला हिस्सा बुरी तरह दब गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई, हालांकि चालक को हल्की चोट आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, जिसमें काफी समय लग गया।
इस दौरान बल्लीवाला फ्लाईओवर और आसपास के क्षेत्रों में लंबा जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात पुलिस ने वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को डायवर्ट कर स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका।