देहरादून। मन में प्रभु भाव के साथ मंदिरों में हनुमानजी के दर्शन व आशीर्वाद लेते भक्त, हवन और भजन करती कीर्तन मंडली, शोभायात्रा में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत करते लोग, डीजे की धुन पर झूमते हाथों में भगवा ध्वज लिए युवा, मंदिरों में सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा पाठ करते श्रद्धालु। गुरुवार को यह नजारा हनुमान जन्मोत्सव पर शहर में घरों से लेकर मंदिर और सड़कों पर शोभायात्रा के दौरान देखने को मिला।
मंदिरों में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा पाठ, ध्वजारोहण में श्रद्धालु उमड़े। हनुमानजी की प्रतिमा का शृंगार कर चोला पहनाया व सुख-समृद्धि और उन्नति की कामना की। हनुमानजी की भक्ति में डूबे भक्त यही कह रहे थे कि जय हनुमान ज्ञान गुण सागर, जय कपीस तिहुं लोक उजाकर और सब सुख लहै तुम्हारी सरना तुम रक्षक काहू को डरना…।
गदा, दंड, तलवार व भगवा ध्वज लिए विहिप ने निकाली रैली
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल की ओर से लक्ष्मण चौक स्थित हिंदू नेशनल इंटर कालेज से दोपहिया वाहन रैली निकाली गई।
गदा, दंड, तलवार व भगवा ध्वज लिए कार्यकर्ता, श्री राम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। सहारनपुर चौक, लक्खीबाग चौकी, प्रिंस चौक, इन्नामुल्ला बिल्डिंग, दर्शनलाल चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, पीपल मंडी, हनुमान चौक, झंडा बाजार, कांवली रोड होते हुए रैली वापस पहुंची।
विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक ने कहा कि आज हिंदू समाज में बजरंग दल की स्वीकार्यता मजबूती के साथ है।
क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया ने कहा कि पछवादून के मामले में और हिंदू मान बिंदुओं को कुचलने के विरोध में जल्द जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करेंगे।
प्रांत अध्यक्ष रविदेव आनंद ने कहा कि सभी को एकजुटता के साथ आगे आना होगा। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष जोशी, प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा, अश्वनी अग्रवाल, प्रांत संयोजक विकास वर्मा, जिला विभाग मंत्री आलोक सिन्हा, प्रांत पदाधिकारी नवीन गुप्ता आदि मौजूद रहे।