देहरादून में CNG ट्रक से गैस रिसाव से मचा हड़कंप, 25 मिनट तक रोकना पड़ा ट्रैफिक

देहरादून। राजधानी दून में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोहकमपुर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) पर सीएनजी (CNG) के एक ट्रक में रखे सिलिंडर से गैस रिसाव की सूचना सामने आई।

गैस रिसाव की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास हड़कंप मच गया। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम पहुंची और फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।

सुरक्षा के लिहाज से राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी। करीब 25 मिनट बाद हालात पर काबू पाकर यातायात को बहाल किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को गेल गैस इंडिया के मोहब्बेवाला स्थित मदर स्टेशन से एक ट्रक सीएनजी के सिलिंडर लेकर ऋषिकेश जा रहा था।

मोहकमपुर आरओबी पर करते समय अचानक ट्रक से तेज रिसाव की आवाज आने लगी। चालक ने ट्रक को वहीं खड़ा कर दिया और वाल्व बंद करने की कोशिश शुरू की।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हरिद्वार राजमार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। ताकि कोई अनहोनी न हो।

पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम और ट्रक के चालक ने रिसाव के कारणों की तलाश शुरू की।

फौरी समाधान के रूप में सिलिंडरों के मास्टर वाल्व को बंद किया गया। रिसाव थमने के बाद ट्रक को आगे बढ़ाया गया और यातयात को बहाल किया गया।

रिसाव की रोकथाम तक लगा जाम

हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर यातायात का भारी दबाव रहता है। जब पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर वाहनों को दोनों तरफ रोक दिया तो थोड़ी ही देर में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

हरिद्वार की तरफ हर्रावाला और देहरादून की तरफ शास्त्रीनगर तक दोनों लेन पर ट्रैफिक पूरी तरह पैक नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *