गैस संकट में इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों की ‘एंट्री’, इंडक्शन-इलेक्ट्रिक कुकर और एयर फ्रायर आउट ऑफ स्टॉक

देहरादून। रसोई गैस की आपूर्ति में आई कमी का असर अब बाजार में साफ दिखने लगा है। गैस सिलिंडर की किल्लत के बीच लोगों ने तेजी से इलेक्ट्रिक किचन उपकरणों की तरफ रुख कर लिया है

विगत कुछ दिनों में इंडक्शन स्टोव, इलेक्ट्रिक कुकर, राइस मेकर, रोटी मेकर और एयर फ्रायर आदि की मांग अचानक बढ़ गई है। शहर के कई इलेक्ट्रानिक बाजारों में इन उपकरणों की बिक्री में तेजी दर्ज की जा रही है। यही स्थिति आनलाइन खरीदारी मंचों पर भी देखने को मिल रही है, जहां कई कंपनियों के लोकप्रिय इलेक्ट्रिक माडल ‘आउट आफ स्टाक’ हो गए हैं।

व्यापारियों के अनुसार सामान्य दिनों की तुलना में इन उत्पादों की बिक्री कई गुना तक बढ़ गई है। खासकर इंडक्शन चूल्हों की मांग सबसे ज्यादा है। कई दुकानों में स्टाक तेजी से खत्म हो रहा है। गृहिणियों का कहना है कि गैस सिलिंडर की उपलब्धता अनिश्चित होने के कारण फिलहाल इलेक्ट्रिक उपकरण ही भरोसेमंद विकल्प बन रहे हैं

छोटे परिवारों और कामकाजी लोगों के लिए राइस मेकर और इलेक्ट्रिक कुकर जैसे उपकरण काफी सुविधाजनक साबित हो रहे हैं। वहीं एयर फ्रायर की मांग भी बढ़ी है, क्योंकि इसमें कम समय में खाना तैयार किया जा सकता है। इलेक्ट्रानिक उपकरणों के कारोबारी अमन ग्रोवर का कहना है कि अचानक बढ़ी मांग को देखते हुए कंपनियों से अतिरिक्त माल मंगवाया जा रहा है। यदि गैस आपूर्ति की स्थिति जल्दी सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में इन उपकरणों की मांग और तेज हो सकती है।

बाजार में इन उपकरणों की बढ़ी मांग

इंडक्शन स्टोव, इलेक्ट्रिक कुकर, राइस मेकर, रोटी मेकर, एयर फ्रायर

दून में गैस के उपभोक्ता

जिले में करीब 7.81 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं।

हर महीने लगभग 5.67 लाख घरेलू सिलिंडर की आपूर्ति होती है।

इसके अलावा करीब 44,201 वाणिज्यिक सिलिंडर की बिक्री होती है।

औसतन रोजाना 18,900 घरेलू और 1,400 व्यावसायिक सिलिंडर की खपत होती है।

आपूर्ति में रुकावट के कारण फिलहाल 37 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ता और करीब 2,800 व्यावसायिक उपभोक्ता सिलिंडर का इंतजार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *