हरिद्वार में दो टैंकरों की भिड़ंत, एक से सीएनजी का रिसाव हुआ तो मचा हड़कंप

खानपुर (हरिद्वार)। गोवर्धनपुर-पुरकाजी मार्ग पर सीएनजी के टैंकर और सामने से आ रहे एक अन्य खाली टैंकर की भिड़ंत हो गई। हाइसे के बाद टैंकर से गैस रिसाव होने लगा तो इससे हड़कंप मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने गैस रिसाव बंदकर घायल चालकों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा और क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारु किया।

पुलिस ने इस मामले में मानकों की अनदेखी के आरोप में सीएनजी गैस कंपनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

घटना बुधवार दोपहर की है। खानपुर क्षेत्र के गांव प्रहलादपुर से कुछ दूरी पर पुरकाजी रोड पर सीएनजी गैस टैंकर की सामने से आ रहे खाली टैंकर से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद खाली टैंकर पलट गया।

भिड़ंत इतनी तेज थी कि आधा किलोमीटर तक इसकी आवाज सुनाई दी।

ग्रामीणों ने पुलिस व फायर ब्रिगेड को हादसे की सूचना दी, जिस पर पुलिस क्षेत्र अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी, खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल सिंह कोहली, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी नवीन नेगी, अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा, लीडिंग फायरमैन निर्मल सिंह, फायरमैन प्रदीप रावत, फायरमैन जितेंद्र व ड्राइवर संजय सिंह पुलिस बल के जवान दमकल की गाड़ी के साथ मौके पर पहुंचे।

टीम ने किसी तरह सीएनजी गैस के रिसाव को बंद किया। पुलिस कर्मियों व फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों वाहनों में फंसे चालक नीरज भारती व आदेश गिरी को किसी तरह बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल भिजवाया गया।

इसके बाद क्रेन के माध्यम से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल सिंह कोहली ने बताया कि सीएनजी टैंकर और दूसरे टैंकर के मानक पूरे नहीं पाए गए, इसके चलते मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है।

उधर, सीएनजी कंपनी के डायरेक्टर वंशज गुप्ता का कहना है कि एक टैंकर सीएनजी का था और दूसरा डीजल का खाली टैंकर था।

हादसे के बाद सीएनजी टैंकर से गैस रिसाव वाल्व आटोमेटिक बंद होने से रूक गया था। सीएनजी टैंकर को मानकों के अनुरूप ही चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *