देहरादून। दून में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान अब एक साधारण प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि तेजी और सख्ती से चलाया जा रहा मेगा आडिट आपरेशन बन चुका है।
सोमवार को दून नगर निगम सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बूथवार प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
उन्होंने साफ कहा कि मतदाता सूची का यह विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रीढ़ है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में सामने आया कि पूरे जनपद में 66.62 प्रतिशत मैपिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन यह औसत प्रशासन को संतुष्ट करने के लिए पर्याप्त नहीं माना गया।
चकराता 99.03 प्रतिशत के साथ लगभग लक्ष्य हासिल कर चुका है, जबकि धर्मपुर, ऋषिकेश, राजपुर और देहरादून कैंट जैसे विधानसभा क्षेत्रों की धीमी गति पर गंभीर चिंता जताई गई।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने सभी ईआरओ को निर्देश दिया कि बीएलओ के कार्यों की हर सप्ताह समीक्षा की जाए और जहां बूथ मैपिंग प्रतिशत कम है, वहां तुरंत अतिरिक्त कार्मिक तैनात कर कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने कहा कि कमजोर प्रगति वाले बूथों पर अब सख्त मानिटरिंग की जाएगी व समयबद्ध लक्ष्य पूरा करना बाध्यकारी होगा।
बैठक में उपस्थित मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, नगर आयुक्त नमामी बंसल, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृता परमार, विभिन्न एसडीएम और तहसीलदारों सहित बीएलओ तथा सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि वह मैदान स्तर पर रोज की प्रगति देखें, गैप चिह्नित करें व सुनिश्चित करें कि जिले में 100 प्रतिशत मैपिंग निर्धारित अवधि के भीतर पूरी हो।
अधिकारियों को यह भी संदेश दिया गया कि आयोग अब इस अभियान को एक ‘हाई-इंटेंसिटी ड्राइव’ की तरह ले रहा है, जहां हर क्षेत्र की प्रगति सीधे शीर्ष स्तर पर रिपोर्ट होगी और अब किसी भी प्रकार की उदासीनता को ‘संज्ञेय चूक’ माना जाएगा।
देहरादून जिले में अब फोकस उन क्षेत्रों पर है जहां प्रगति औसत से कम है और प्रशासन इन हिस्सों में अगले कुछ दिनों को ‘स्पीड-अप फेज’ के रूप में लागू करने जा रहा है।
समीक्षा बैठक का समग्र संदेश यही रहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अब सिर्फ डेटा अपडेट नहीं, बल्कि चुनावी तैयारियों का एक निर्णायक चरण है, जिसे देरी, लापरवाही या धीमी रफ्तार बर्दाश्त किए बिना पूरा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विधानसभा क्षेत्रवार पुनरीक्षण स्थिति
चकराता – 99.03 प्रतिशत
विकासनगर – 70.47 प्रतिशत
सहसपुर – 71 प्रतिशत
धर्मपुर – 56.94 प्रतिशत
रायपुर – 62.64 प्रतिशत
राजपुर – 61.19 प्रतिशत
देहरादून कैंट – 61.36 प्रतिशत
मसूरी – 63.52 प्रतिशत
डोईवाला – 70 प्रतिशत
ऋषिकेश – 60.87 प्रतिशत