देर रात दून अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, किया औचक निरीक्षण; मरीजों से बात कर दिए सुधार के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार रात दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, वार्ड, दवा वितरण केंद्र, स्वच्छता व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। मरीजों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि गंभीर मरीजों के उपचार में विशेष सतर्कता बरती जाए और तीमारदारों को आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाएं निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह प्राथमिकता है। इस अवसर पर दून मेडिकल कालेज चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक और अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *