Uttarakhand Weather Today: अभी से ‘सताने’ लगी तपिश, हो सकती है सबसे गर्म फरवरी!

देहरादून। Uttarakhand Ka Mausam उत्तराखंड में इस बार फरवरी में ही गर्मी दस्तक दे चुकी है। आमतौर पर ठंड वाला यह महीना इस बार मार्च-अप्रैल जैसा एहसास करा रहा है।

राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और चटख धूप के बीच अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने और करीब दो सप्ताह से वर्षा न होने के कारण पारे में लगातार वृद्धि हो रही है और यह साल सबसे गर्म फरवरी वाले वर्षों की सूची में शामिल होने की ओर अग्रसर है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में अब तक फरवरी में 92 प्रतिशत वर्षा की कमी दर्ज की गई है।

वहीं, पूरे प्रदेश में आधा फरवरी बीतने तक औसत वर्षा सामान्य से 93 प्रतिशत कम रही। देहरादून में इस माह बीते 15 दिनों में से 12 दिन अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।

लगातार सूखे और तेज धूप के कारण दिन के समय गर्मी का प्रभाव साफ महसूस किया जा रहा है। इस वर्ष फरवरी के मध्य में ही पारा 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाना संकेत देता है कि यदि शुष्क स्थिति बनी रही तो महीने के अंत तक तापमान नए रिकार्ड के करीब या पार भी जा सकता है।

अन्य जिलों में भी समान स्थिति बनी हुई है। अभी से पहाड़ भी तपने लगे हैं। हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और पौड़ी समेत मैदानी जिलों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया जा रहा है।

पहाड़ी जिलों में भी दिन के समय धूप तीखी बनी हुई है। मुक्तेश्वर जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारा सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय न होने और वर्षा की कमी के कारण तापमान में असामान्य बढ़ोतरी देखी जा रही है। आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

पिछले वर्षों में फरवरी में सर्वाधिक तापमान

वर्ष, सर्वाधिक तापमान

2026, 27.0 (11 फरवरी)

2025, 26.4 (3 फरवरी)

2024, 23.3 (4 फरवरी)

2023, 27.9 (28 फरवरी)

2022, 23.6 (30 फरवरी)

2021, 27.1 (9 फरवरी)

2020, 23.6 (22 व 24 फरवरी)

2019, 25.4 (20 फरवरी)

2018, 26.5 (30 फरवरी)

2017, 24.7 (22 व 25 फरवरी)

2016, 25.9 (30 फरवरी)

आल टाइम रिकार्ड : 28.6 (24 फरवरी 2009)

अभी और चढ़ सकता है पारा

उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिल रही है और शुष्क मौसम में पारा तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है, जबकि पारे में और इजाफा हो सकता है। मंगलवार से पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा-बर्फबारी की संभावना बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *