सोना-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव से खरीदारी में बढ़ी रुचि, ज्वेलरी खरीदारी के लिए लोग मान रहे सही समय

देहरादून। सोना और चांदी के दाम आसमान छूने के बाद धड़ाम होने से खरीदारी बढ़ गई है। जिन परिवारों में विवाह और मांगलिक कार्य होने हैं उनको बड़ी राहत मिली है।

इस समय ज्वेलर्स की दुकानों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है। लोग सोना-चांदी से बने आभूषण खरीदने के साथ एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।

मकर संक्रांति और वसंत पंचमी से मांगलिक कार्य शुरू हो चुके हैं। शादी-विवाह में दुल्हन के लिए सोने और चांदी के आभूषण की परंपरा है। जनवरी में सोने-चांदी की कीमतों के आसमान छूने से लोगों का बजट लड़खड़ा गया था।

अब फरवरी पहले सप्ताह में कीमतें गिरने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। देहरादून में लगभग 1100 छोटे और बड़े ज्वेलर्स हैं।

लोगों के सोने-चांदी खरीद और बुकिंग के प्रति रुचि बढ़ने से ज्वलेर्स के चेहरे खिले हैं। कई लोग बैशाखी और अक्षय तृतीया के मुहुर्त के लिए एडवांस बुकिंग करवा रहे हैं।

ब्रांडेड शोरूम के अलावा धामावाला बाजार और दून के अन्य क्षेत्रों में ज्वेलर्स की दुकानों में देर शाम तक चहल पहल है। ग्राहकों की मांग को देखते हुए हल्के वजन की ज्वेलरी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

सराफा मंडल देहरादून के अध्यक्ष सुनील मेसोन का कहना है कि आने वाले दिनों में दामों में और वृद्धि न हो, इसलिए लोग विभिन्न ज्वेलर्स के पास बुकिंग कराने पहुंच रहे हैं। साथ ही विवाह के सीजन के लिए भी खरीदारी की जा रही है। नई और विभिन्न डिजाइन की ज्वेलरी उपलब्ध है।

जनवरी में उछाल और फरवरी में गिरा दाम

सराफा मंडल देहरादून अध्यक्ष सुनील मेसोन के अनुसार एक जनवरी को जहां 22 कैरेट सोना 1,25,680 रुपये प्रति 10 ग्राम था जो 29 जनवरी को अपने उच्च स्तर 1,70,830 रुपये तक पहुंच गया।

इसी तरह चांदी 2,38,000 रुपये से बढ़कर चार लाख रुपये प्रतिकिलो हो गई थी। मंगलवार को सोना 1,44,180 प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 2,80,000 रुपये प्रतिकिलो तक आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *