विकासनगर (देहरादून)। मुख्य बाजार में फेरी लगाने वाले जम्मू-कश्मीर निवासी दो भाइयों के साथ हुई मारपीट के मामले में मुख्य आरोपित दुकानदार को पुलिस ने शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
उधर, इस प्रकरण में अब दुकानदार की पत्नी ने भी कोतवाली में तहरीर दी है। उसने कश्मीरी युवकों पर अभद्रता का आरोप लगाया है।
शुक्रवार को आरोपित दुकानदार की पत्नी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि वह अपने पति के साथ विकासनगर बाजार में दुकान चलाती है। मामले से संबंधित जम्मू-कश्मीर निवासी दोनों युवक उसकी दुकान पर आए।
उन्होंने उसे अभद्र इशारे किए। इसका विरोध करने के बावजूद दोनों ने उसका हाथ पकड़ लिया और अपनी ओर खींचने लगे। इसी दौरान महिला के पति ने युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस पर विवाद बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने उसके पति पर हमला कर दिया। साथ ही उन्होंने कुछ और लोगों को भी मौके पर बुला दिया। इससे स्थिति और बिगड़ गई।
पुलिस के अनुसार तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि डाकपत्थर रोड स्थित दुकान पर यह घटना 28 जनवरी को हुई थी। कश्मीरी युवक दानिश व ताविश दुकान पर नमकीन खरीदने गए थे। इसी बीच दुकानदार संजय यादव निवासी विकासनगर के साथ उनका विवाद हो गया। दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई।
विकासनगर बाजार पुलिस चौकी में पीड़ित के भाई दानिश पुत्र मोहम्मद यासीन निवासी ग्राम बारसून थाना करालपुरा जिला कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर) हाल निवासी पांवटा साहिब (हिमाचल प्रदेश) ने तहरीर देकर दुकानदार संजय यादव के खिलाफ मामला दर्ज कराया।
उसने तहरीर के माध्यम से पुलिस को बताया कि उसके पिता पांवटा साहिब में किराये पर रहते हैं। वह फेरी लगाने का काम करते हैं। वह व उसका भाई छुट्टियों में कश्मीर से यहां अपने पिता के काम में सहयोग करने के लिए आए थे।
दोनों भाई विकासनगर में घूम-घूमकर शाल व सूट बेच रहे थे। बताया कि वह और मोहम्मद ताविस नमकीन लेने विकासनगर में डाकपत्थर रोड स्थित दुकान पर गए थे।
दुकानदार ने पूछा कि कहां से हो, जब उन्होंने बताया कि वे कश्मीर से हैं। फिर दुकानदार ने उनका नाम पूछा, नाम बताने के बाद उनके साथ गाली गलौज की गई।
आरोप लगाया कि दुकानदार ने उन्हें जातिसूचक शब्द कहे। जब उन्होंने विरोध किया तो दुकानदार सहित दो अज्ञात व्यक्तियों ने लाठी डंडों से उन पर हमला कर दिया। दोनों भाइयों के साथ मारपीट की गई।
इस आधार पर चौकी प्रभारी बाजार मयंक त्यागी ने दुकानदार संजय यादव निवासी विकासनगर के खिलाफ प्रथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।