पंजाब के पटियाला से दो हजार किलो पनीर लेकर आ रहा टैंकर पकड़ा, नमूने जांच को भेजे

देहरादून। पंजाब के पटियाला से दो हजार किलो पनीर लेकर देहरादून आ रहे टैंकर को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने संदेह होने पर पकड़ लिया। पूछताछ के बाद टीम ने दो नमूने जांच के लिए रुद्रपुर लैब को भेज दिए। वहीं, बिल के आधार पर फर्म को नोटिस भी भेजे हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सचिन कुर्वे के निर्देश के क्रम में शुक्रवार को उपायुक्त गढ़वाल मंडल आरएस रावत के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जांच की।

जिसमें देहरादून से अन्य जिलों व राज्यों से आने वाले वाहनों में सप्लाई किए जाने वाले संदिग्ध खाद्य पदार्थों में मिलावट के संदेह पर आकस्मिक निरीक्षण किया।

इस दौरान एक टैंकर को रायपुर चौक के समीप पकड़ा। जांच में पता चला कि टैंकर में पनीर भरा था, जो पंजाब के पटियाला से लाया जा रहा था। टीम ने संदेह के आधार पर दो नमूने जांच के लिए रुद्रपुर लैब को भेजे।

सहायक आयुक्त मनीष सयाना ने बताया कि टैंकर में दो हजार किलो पनीर पाया गया और इसका बिल भी उनके पास था। बिल के अनुसार सिंगल मिल्क चिलिंग सेंटर, पटियाला को पार्टी बनाकर नोटिस जारी कर दिया है।

कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी विकास नगर संजय तिवारी आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *