देहरादून। निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ पद पर तैनात युवक ने जहर का इंजेक्शन लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक के हाथ पर कैनोला लगा हुआ था। थानाध्यक्ष प्रेमनगर कुंदन राम ने बताया कि गुरुवार को प्रकाश चंद निवासी कंडोली ने सूचना दी कि उनके पुत्र अशोक ने घर पर सुसाइड कर लिया है। इस सूचना पर चौकी प्रभारी विधोली पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे।
मौके पर मृतक अपने कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में मिला। मृतक के पास बिस्तर पर 02 सिरिंज खाली मिली तथा मृतक ने अपने बाएं हाथ पर कैनोला लगाया हुआ था। मौके से मृतक का मोबाइल फ़ोन, सुसाइड नोट व सिरिंज व एक शीशी कब्जे मे ली गई।
मृतक इंद्रेश अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ में काम करता था। मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला, जिसमे उसने किसी पर कोई आरोप नही लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। घटना की जांच की जा रही है।