UKSSSC Paper Leak: भाई दे रहा था एग्‍जाम, बहन ने सॉल्व करने के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर को भेजे पेपर के फोटो

 

देहरादून। यूकेएसएसएससी की स्नातक स्तरीय परीक्षा के पर्चे के तीन पन्ने असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को भेजने वाली साजिद की बहन साबिया निवासी सुल्तानपुर आदमपुर, थाना लक्सर, हरिद्वार को दून पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित को पुलिस ने सोमवार रात को गिरफ्तार किया था।

21 सितंबर को यूकेएसएसएससी की ओर से स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा कराई गई थी। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि हरिद्वार के बहादुरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कालेज से पेपर के तीन फोटो अज्ञात व्यक्ति ने आउट किए, जोकि कुछ देर बाद इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गए।

मामले की गंभीरता से देखते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (ऋषिकेश) की अध्यक्षता में एसआइटी का गठन किया। एसआइटी की ओर से इंटरनेट मीडिया पर आउट हुए फोटो के सोर्स की जानकारी करने पर जनपद टिहरी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत महिला सुमन के पास प्रश्नों के फोटो भेजे जाने की जानकारी मिली। इस पर सुमन को पूछताछ के लिए लाया गया।

परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए स्क्रीनशाट

पूछताछ में उसने बताया कि प्रश्नों के फोटो उसके एक पुराने परिचित खालिद मलिक के नंबर से उसकी बहन साबिया ने भेजे थे। सुमन ने प्रश्न पत्रों के फोटो के स्क्रीनशाट लेकर बाबी पंवार को भेज दिए, जिन्होंने परीक्षा प्रणाली को सनसनीखेज बनाने के लिए स्क्रीनशाट को परीक्षा के उपरांत इंटर मीडिया में प्रसारित की गई।

जांच के दौरान सुमन से पूछताछ में आरोपित खालिद मलिक की दूसरी बहन हिना की भूमिका भी संदिग्ध मिली, जिस पर आरोपित खालिद मलिक, सुमन, हिना व साबिया के विरुद्ध रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचक पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश ने प्रकरण में घटना की कड़ियों को जोड़ते हुए घटनास्थल आदर्श बाल सदन इंटर कालेज बहादुरपुर जट का निरीक्षण किया व परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य, कक्ष निरीक्षकों व अन्य गवाहों से पूछताछ की।

विवेचना के दौरान पता चला कि आरोपित खालिद मलिक की बहन साबिया को परीक्षा केंद्र से प्रतियोगी परीक्षा में प्रतिभाग करने की जानकारी थी। इसके बावजूद भी उसने प्रश्न पत्रों के प्राप्त फोटो को सॉल्व करने के लिए प्रोफेसर सुमन को भेजते हुए उनसे वार्ता की और प्रश्नों के उत्तर प्राप्त किए गए। साबिया के विरुद्ध मिले साक्ष्यों के आधार पर साबिया को पुलिस ने सोमवार रात को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *