देहरादून। मानसिक रूप से परेशान बी फार्मा के छात्र ने पहले यूट्यूब पर वीडियो देखी कि कौन सी नस काटने से जल्द मृत्यु होती है। इसके बाद उसने अपने शरीर को 20 जगह गोद डाला और हाथ पूरी तरह से काट दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक पटेलनगर कोतवाली चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अनिल सिंह निवासी विद्या विहार फेस-दो पटेल नगर को उसका भाई भूपेंद्र सिंह व अन्य लोग अस्पताल लेकर आए, जहां चिकित्सक ने अनिल सिंह को मृत घोषित कर दिया। साथ में भूपेंद्र सिंह एक चाकू भी लेकर आया था।
अस्पताल पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि मृतक के शरीर में कई जगह चाकू से कटे के गहरे निशान थे और पूरा शरीर खून से सना है। मृतक अनिल सिंह पिछले करीब दो वर्ष से मानसिक बीमारी से ग्रसित था। वह बी-फार्मा का छात्र था, लेकिन कालेज नहीं जा रहा था।
विद्या विहार में अपने भाई व मां के साथ रहता था और वह अपने घर पर ही रहता था। पिछले पांच दिन से वह भगवान के पास जाने की व अन्य असामान्य बातें व व्यवहार करता था। वह लगातार आत्महत्या करने की बात कर रहा था
अनिल सिंह ने 10 हजार पन्नों पर भगवान का नाम लिखा हुआ था। खुदकुशी करने से पहले उसने यूट्यूब देखा कि शरीर की कौन सी नस काटने से जल्द मृत्यु हो जाती है। गुरुवार को उसने अपने अपार्टमेंट की पार्किंग में स्वयं को चाकू से शरीर पर घाव कर व काटकर खुदकुशी कर ली।
मृतक के पास मिले चाकू को सील कर दिया गया है और शव को मोर्चरी भेज दिया है। मृतक के पिता छत्तीसगढ़ में एसएसबी में एएसआइ के पद पर तैनात हैं तथा मूल रूप से पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं।