Dehradun: घर में सो रहे युवक की लाठी-डंडे और हथियार से वारकर हत्या की, शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी

Dehradun

गांव में चर्चा है कि हत्यारोपी ने घटना को अंजाम तो दे दिया लेकिन उसे इसका कोई अफसोस नहीं है। ग्रामीणों की माने तो हत्यारोपी यहां से निकलकर सीधा पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसपर्मण कर दिया।

शनिवार रात भिक्कमपुर गांव निवासी अपने घर के अंदर चारपाई पर सो रहे राजेश पुत्र सुक्खा उम्र 45 वर्ष की पड़ोस के एक युवक ने लाठी-डंडे और किसी हथियार से सिर और अन्य जगह पर वारकर हत्या कर दी और फरार हो गया। हत्या का कारण शराब पीने के दौरान हुई कहासुनी बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भिक्कमपुर गांव निवासी राजेश पुत्र सुक्खा उम्र 45 वर्ष और दीपक पुत्र राम अवतार निवासी भिक्कमपुर की तीन दिन पहले शराब पीने को लेकर कहासुनी हो गई थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को राजेश की पत्नी और बच्चे रक्षाबंधन पर राखी लेकर अपने रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर राजेश अकेला था। रात्रि करीब 11 बजे राजेश अपने घर के अंदर चारपाई पर लेटा हुआ था। तभी पड़ोस का एक युवक उसके घर के अंदर घुस आया और लाठी या किसी हथियार से उसके सिर पर कई वार कर दिए। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

सूचना पर गांव में पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि हत्यारोपी और मृतक राजेश आपस में दूर के रिश्तेदार भी हैं और साथ बैठकर दोनों शराब भी पी लेते थे। ग्रामीणों का मानना है कि शराब पीने को लेकर ही दोनों के बीच कुछ कहासुनी हो गई होगी। जिसके चलते उसने राजेश की हत्या कर दी। मामले की सूचना पर भिक्कमपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

एक मिनट से भी कम समय में उतारा मौत के घाट, सीसीटीवी से चल रहा पता

हत्यारा घर के पास लगे एक निजी सीसीटीवी कैमरे की पकड़ में आ गया। जिसमें दिखाई दे रहा है कि हत्यारा हाथ में लाठी जैसा कुछ लिए है और राजेश के घर में घुस रहा है। इसके बाद एक मिनट से पहले ही वह बाहर निकलकर भागता दिख रहा है।

आत्मसमर्पण किया है या होगी गिरफ्तारी

गांव में चर्चा है कि हत्यारोपी ने घटना को अंजाम तो दे दिया लेकिन उसे इसका कोई अफसोस नहीं है। ग्रामीणों की माने तो हत्यारोपी यहां से निकलकर सीधा पुलिस के पास पहुंचा और आत्मसपर्मण कर दिया। वहीं पुलिस हत्यारोपी की तलाश करने की बात कह रही है। माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *