देहरादून। मानसून सीजन में राजधानी दून और आसपास के अन्य शहरों में जलभराव की समस्या तत्काल दूर करने के लिए जिला प्रशासन निरंतर प्रयास कर रहा है। इस दिशा में हाल में 30 लाख रुपए से जिन 17 डी वाटरिंग पंपों को खरीदा गया था, उन्हें जिलाधिकारी सविन बंसल ने पूजा अर्चना के साथ सोमवार को फील्ड में उतार दिया है।
देहरादून नगर निगम के जलभराव वाले क्षेत्रों को पहचान करने के साथ ही 12 जोन तय किए गए हैं। इसी के अनुरूप प्रत्येक जोन में एक पंप तैनात किया गया है। साथ ही जोन के हिसाब से उत्तरदाई नोडल अधिकारी/विभाग की स्थिति स्पष्ट करने के साथ ही फील्ड में त्वरित कार्य करते के लिए 30 अधिकारियों की भी अलग से तैनाती की गई है
जिलाधिकारी सविन बंसल ने क्विक रिस्पांस टीम में किया विस्तार
क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के रूप में जोन के हिसाब से सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, उपजिलाधिकारी सदर हर गिरि और उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी को प्रभारी अधिकारी का जिम्मा दिया गया है। यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौन सी टीम किन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या दूर करेगी
हालांकि, क्यूआरटी का गठन पहले ही कर लिया गया था, लेकिन जलभराव वाले क्षेत्र अधिक होने के चलते अब इसमें विस्तार करने के साथ ही टीम को नए डी वाटरिंग पंपों की क्षमता से भी लैस किया गया है। जिसका उद्देश्य किसी भी समस्या पर कार्रवाई के रिस्पांस टाइम को कम करना है। इसी तरह ऋषिकेश और डोईवाला क्षेत्र के लिए भी 05 पंप आवंटित किए गए हैं। जिनका संचालन शुरू कराया जा रहा है