देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में भाजयुमो नेता की हत्या मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और भरोसा दिलाया कि घटना में संलिप्त अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कर त्वरित व सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि आरोपितों की तलाश में गुरुग्राम, नोएडा, मुजफ्फरनगर समेत कई शहरों में दबिश दी जा रही है। इसके अलावा उन्होंने घटना क्षेत्र में भी पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को एसएसपी अजय सिंह ने पुलिस बल के साथ तिलवाड़ी, मांडुवाला क्षेत्र का भ्रमण किया। एसएसपी ने पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी प्रेमनगर को निर्देश जारी किए कि छात्रों/बाहरी व्यक्तियों के हास्टलों व अन्य निवास स्थानों पर सघन सत्यापन व आकस्मिक तलाशी अभियान चलाया जाए। बाहरी व्यक्तियों द्वारा संचालित हॉस्टलों में लापरवाही की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए तथा लगातार निगरानी की जाए। क्षेत्र में आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर रात्रि 10:30 बजे तक सभी दुकानें बंद की जाएं।
रात्रि में छात्रों व अन्य वाहनों की अनावश्यक आवाजाही पर रोक लगाने और समस्त वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश। इसके अलावा उन्होंने बताया कि हत्यारे की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही अन्य राज्यों की पुलिस से भी लगातार संपर्क बनाया जा रहा है। आरोपित के संबंध में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी की उम्मीद है।
जनप्रतिनिधियों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
एसएसपी देहरादून की ओर से सुद्धोवाला, मांडुवाला और आसपास के क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों से संवाद किया गया। इस दौरान स्थानीय समस्याओं पर चर्चा हुई और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्थानीय निवासियों के सहयोग से समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनप्रतिनिधियों ने जल्द से जल्द आरोपित की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।