देहरादून। फोन पर हुए विवाद के बाद घर जा रहे सेलाकुई के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित नेगी की बाइक सवार ने गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश ने कार की विंड स्क्रीन से सटाकर गोली मारी, जोकि उनकी गर्दन पर लगी।
गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने मुजफ्फरनगर के रहने वाले अजहर त्यागी सहित दो के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि तिलवाड़ी, सेलाकुई निवासी अभिषेक बर्तवाल के साथ निशांत खर्कवाल, पीयूष बिष्ट, रोहित नेगी, आयुष, आयुष की महिला मित्र आन्या खान व तरुण हांडा एक पार्टी में थे। यह पार्टी तरुण के बड़ोवाला स्थित में चल रही थी।
इसी दौरान आन्या खान के पूर्व मित्र अजहर त्यागी ने आन्या को फोन किया। उनकी बहस हो गई। आरोपी ने आन्या को अपशब्द कहे। फोन स्पीकर होने के चलते यह बात सभी ने सुनीं। इसी दौरान रोहित नेगी ने अजहर से कहा कि आन्या को क्यों परेशान कर रहा है तो आरोपी ने रोहित को देख लेने की धमकी दी।
इसके बाद अभिषेक बर्तवाल, निशांत खर्कवाल, पीयूष बिष्ट व रोहित नेगी बोलेरो में घर की ओर निकल गए। बोलेरो को रोहित नेगी चला रहा था, जबकि चालक की बगल वाली सीट पर अभिषेक बैठा था। पीछे वाली सीट पर निशांत खर्कवाल व पीयूष बिष्ट थे।
आयुष, आन्या और तरुण हांडा अमेज कार में पीछे से आ रहे थे। देर रात करीब डेढ़ बजे वह मांडूवाला स्थित डीबीआइटी चौक पर पहुंचे तो बाइक पर दो युवक देहरादून की ओर जाने वाली सड़क खड़े थे।
जैसे ही रोहित नेगी ने तिलवाड़ी के लिए वाहन घुमाया, बाइक पर पीछे बैठे एक व्यक्ति ने बोलेरो पर सामने की ओर से फायर झोंक दिया।
फायर करने वाले का नाम अजहर त्यागी है। जिसे रोहित व आन्या पहले से जानते हैं। एसपी सिटी ने बताया कि अभिषेक बर्तवाल निवासी तिलवाड़ी, सेलाकुई की तहरीर पर अजहर त्यागी व उसके साथी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।