देहरादून। दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बर्न वार्ड में भर्ती 10 साल की बच्ची ने तीसरी मंजिल पर स्थित वार्ड की खिड़की से कूदने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद सुरक्षाकर्मी ने तत्परता दिखा उसे बचा लिया।
मामला अलसुबाह करीब साढ़े पांच बजे का है। बच्ची वार्ड में अकेली थी, जबकि उसके तीमारदार बाहर सो रहे थे। अचानक बच्ची वार्ड की खिड़की पर चढ़ गई। वह नीचे छलांग लगाने ही वाली थी कि वार्ड में हल्ला मच गया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी आशीष कुमार की नजर उस पर पड़ गई।
सुरक्षाकर्मी ने बिना समय गंवाए खिड़की की ओर दौड़ लगाई और बच्ची को बचा लिया। जब तक अन्य सुरक्षाकर्मी और स्टाफ मौके पर पहुंचे, आशीष बच्ची को सुरक्षित नीचे उतार चुके थे। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षाकर्मी की तत्परता की सराहना की है।
वहीं, बच्ची को वापस इलाज के लिए वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है और स्टाफ व तीमारदारों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।