देहरादून
16 कश्मीरी फेरीवालों के मसूरी छोड़कर जाने की सूचना है। इनमें से कई पुलिस के सत्यापन अभियान चलाने के बाद शहर छोड़कर चले गए थे।
कश्मीरी फेरीवालों से मारपीट और उन्हें भगाने की धमकी देने के वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के चालान किए गए हैं। उधर, 16 कश्मीरी फेरीवालों के मसूरी छोड़कर जाने की सूचना है। इनमें से कई पुलिस के सत्यापन अभियान चलाने के बाद शहर छोड़कर चले गए थे।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मसूरी में कुछ कश्मीरी शॉल फेरी वालों को एक संगठन के लोगों ने डराया धमकाया था। उन्हें वापस कश्मीर जाने को कहा था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके संबंध में पुलिस ने जांच की और धमकाने वाले तीन युवकों को थाने बुलाया गया। उनका पुलिस एक्ट में चालान किया गया। इसके साथ ही जम्मू कश्मीर पुलिस को भी इस कार्रवाई में जानकारी दी गई।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सभी कश्मीरी भाइयों को यहां वैध रूप से व्यापार करने का अधिकार है। यदि कोई उन्हें परेशान करता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्हें सत्यापन कराकर लाना होगा। इस संबंध में जम्मू-कश्मीर पुलिस को भी जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा, किसी को भी कोई परेशान करे तो पुलिस को सूचना दें।
एसएसपी ने की बात
मसूरी में शॉल बेचने वाले 16 कश्मीरियों के मसूरी छोड़कर वापस जाने की सूचना मिली है। पुलिस ने जांच की तो दो लोगों के नम्बर मिले। इस पर एसएसपी अजय सिंह ने खुद उनसे बात कर सुरक्षा का भरोसा दिया। एसएसपी ने बताया कि मसूरी में जहां कश्मीरी मूल के व्यक्ति रहते हैं या कारोबार कर रहे हैं वहां पेट्रोलिंग बढ़ाते हुए लगातार नजर रखी जा रही है।