मसूरी। Mussoorie Traffic Jam: रविवार को पहाड़ों की रानी मसूरी में इतनी संख्या में सैलानी पहुंच गए कि लंबा जाम लग गया। सैलानी घंटों जाम में फंसे रहे। करीब दो किमी लंबे जाम में सैकड़ों वालन फंसे रहे।
मसूरी के कोल्हूखेत में सुबह नौ बजे से भंयकर जाम लग गया। लाइब्रेरी से किंगक्रेग तक दो किमी लंबा जाम लगा। यहां सुबह 9.00 बजे से दोपहर तक वाहन रेंगते हुए चलते रहे। इतना भयंकर जाम लगा कि दो किमी की दूरी 30 से 60 मिनट में तय हो रही थी।
मसूरी के होटलों में शत प्रतिशत तक कमरे फुल
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम तक मसूरी के होटलों में शत प्रतिशत तक कमरे फुल हो गए थे। जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हर तबके को काम मिल रहा है। अग्रवाल ने बताया कि रविवार के लिए बड़ी संख्या में बुकिंग है। इससे वीकेंड पर शहर के होटल पूरी तरह फुल रहने की उम्मीद है।
अग्रवाल ने बताया कि अगले सप्ताह के लिए सोमवार से गुरुवार तक 50 से 60 प्रतिशत तक बुकिंग हो चुकी है। अगले वीकेंड यानी शुक्रवार से लेकर रविवार (18 से 20 अप्रेल) तक के लिए अभी तक 80 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। ऐसे में अगला वीकेंड भी पैक रह सकता है।
बता दें कि मसूरी में लगभग 350 होटल एवं गेस्ट हाउस हैं, जिनमें लगभग 25 हजार पर्यटक ठहर सकते हैं। धनोल्टी, काणाताल, बुरांशखंडा तथा कैम्पटी में भी 50 से अधिक होटल व गेस्ट-हाउस हैं।
मसूरी के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मसूरी में वीकेंड पर यातायात जाम से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। मसूरी के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स भेजी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर गज्जी बैंड से हाथी पांव मार्ग, मलिंगार चौक से मार्ग परिवर्तन करने पर भी विचार किया जाएगा।