ऋषिकेश। ऋषिकेश के जयराम आश्रम के समीप हरिद्वार मार्ग पर हरियाणा से घूमने आए कार सवार युवक-युवती ने जमकर हंगामा काटा। पहले उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया और जब पुलिस ने उन्हें रोका तो उल्टा सिटी पेट्रोलिंग यूनिट कर्मी को हेकड़ी दिखाने लगे तो स्थानीय लोगों ने उनका विरोध किया।
वहीं पुलिस ने सख्ती दिखाई तो दोनों गिड़गिड़ाते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। घटना बीते रविवार रात करीब 8:15 बजे की है, जब त्रिवेणी घाट चौक से कुछ दूरी पर एक हरियाणा नंबर की कार हरिद्वार मार्ग पर यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए आगे बढ़ती रही।
यह देखकर मौके पर तैनात सिटी पेट्रोलिंग यूनिट कर्मी ने बाइक से कार का पीछा किया और उन्हें जयराम आश्रम के समीप मुख्य मार्ग पर रोक दिया। जब सीपीयू कर्मी ने कार चला रही युवती से यातायात नियमों का उल्लंघन करने को लेकर नाराजगी जताई तो उल्टा युवती सीपीयू कर्मी पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाने लगी।
यह देखकर आसपास मौजूद लोग सीपीयू कर्मी के समर्थन में एकत्र हो गए और सीपीयू कर्मी से अभद्रता करने पर युवक- युवती का विरोध करने लगे। सूचना पर यातायात प्रभारी एसआइ अनवर खान भी मौके पर पहुंचे उन्होंने कार सवार युवक व युवती की जमकर क्लास लगाई
उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता करने को लेकर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी जिसके बाद उनके तेवर नरम पड़ गए। उन्होंने यातायात पुलिस कर्मियों के सामने अपनी गलती स्वीकारी और हाथ जोड़कर माफी मांगी। जिसके बाद यातायात प्रभारी अनवर खान ने पर्यटक के प्रति सहानुभूति दिखाते हुए एक हजार रुपये का चालान कर छोड़ दिया।