देहरादून की शांत वादियों में पुलिस कॉन्स्टेबल ने मचाई लूटपाट, इस तरह चंद घंटों में हुआ गिरफ्तार

 

देहरादून। Uttarakhand Crime: ठेली वाले से लूट के आरोपित दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों में से एक मंगलौर थाने में तैनात कांस्टेबल है। शराब के नशे में आरोपितों ने जोगीवाला क्षेत्र में घटना को अंजाम दिया। कुछ घंटे बाद ही नेहरू कालोनी पुलिस ने दोनों को धर दबोचा।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि जोगीवाला में दो कार सवार व्यक्तियों ने एक ठेली वाले से लूटपाट की है। तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची।

जबरन कार में बैठाया और की लूटपाट

पीड़ित रिंकू सक्सेना ने बताया कि वह देव फार्म के पास से फल की ठेली लेकर जा रहा था, तभी दो व्यक्ति कार से उसके पास आए और उसे जबरन कार में बैठा लिया। आरोपितों ने उसके हाथ पैर पकड़कर जेब से पैसे निकाल लिए और कार से बाहर धकेलकर फरार हो गए।

मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपित हुए गिरफ्तार

एसएसपी के निर्देश पर नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। मुखबिर की सूचना के आधार पर रात को ही इंदर रोड से दोनों आरोपित सुरेश चौहान और अंकित बछेती को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से लूटे गए पैसे भी बरामद कर लिए गए।

हरिद्वार के थाना मंगलौर में तैनात है आरोपित

आरोपित सुरेश चौहान पुलिस सिपाही है और वर्तमान में हरिद्वार के थाना मंगलौर में तैनात है। जबकि, अंकित बछेती देहरादून के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *