सावधान! कहीं आपने भी तो Dehradun में नहीं खरीदा प्‍लॉट, मिल सकती है बुरी खबर

देहरादून। Land Encroachment: दून में बेशकीमती सरकारी जमीनों पर कब्जों का खेल फिर बढ़ गया है। नगर निगम की करोड़ों की जमीनों पर गिद्ध दृष्टि गड़ाए बैठे भूमाफिया अवैध निर्माण और प्लाटिंग करने की फिराक में हैं। हालिया दिनों में निगम की जमीनों पर कब्जों की शिकायतें बढ़ रही हैं।

इसमें नेताओं और निगम कर्मियों की संलिप्तता के भी आरोप लगते रहे हैं। अब महापौर व नगर आयुक्त ने शिकायतों की जांच कराने और निगम की भूमि की पैमाइश कर तारबाड़ की बात कही है।

मेयर से की अवैध कब्‍जे की शिकायत

दून में जमीनों पर कब्जों की लगातार शिकायतें आ रही हैं। खासकर शहर के बाहरी क्षेत्रों में नगर निगम की जमीनों को खुर्दबुर्द किया जा रहा है। श्री राम सेना के अध्यक्ष दिनेश मल्होत्रा ने डीएम कार्यालय और महापौर सौरभ थपलियाल से अवैध कब्जे की शिकायत की है।

बताया कि अधोईवाला वार्ड में विकास लोक लेन नंबर तीन में नगर निगम की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में एमडीडीए की टीम भी कब्जे की पुष्टि कर चुकी है। दिनेश मल्होत्रा का आरोप है कि नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं जा रही है। ऐसे में उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में भी शिकायत दी है।

अब महापौर सौरभ थपलियाल को ज्ञापन सौंपा है। जिस पर महापौर ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। महापौर ने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी प्राथमिक में शामिल है। इसके लिए सभी शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। भूमि अनुभाग को निर्देश दिए गए हैं, जिस पर भूमि अनुभाग की ओर से मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। हालांकि, यह भूमि पट्टे की होने की बात कही जा रही है।

मोहब्बेवाला में निगम की छह बीघा भूमि पर प्लाटिंग की शिकायत

नगर निगम की मोहब्बेवाला में स्थित भूमि को भी ठिकाने लगाया जा रहा है। यहां भूमाफिया के निगम की करीब छह बीघा भूमि पर कब्जाकर प्लाटिंग की शिकायत है। आरोप है कि नगर निगम की ओर से शिकायत के बावजूद भूमि की सुध नहीं ली जा रही है। जबकि, भूमाफिया धड़ल्ले से भूमि खुर्दबुर्द कर रहे हैं।

सहस्रधारा रोड से सटे क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कब्जे

सहस्रधारा रोड से सटे क्षेत्रों में सरकारी जमीन कब्जाने और खरीद-फरोख्त की शिकायतें सर्वाधिक हैं। यहां खाली पड़ी जमीनों को भूमाफिया ठिकाने लगा रहे हैं। वर्षों से यहां सरकारी जमीन खुर्दबुर्द की जा रही हैं। हाल ही में सहस्रधारा हेलीपैड के पास सरकारी भूमि को खुर्दबुर्द करने की शिकायत मिली थी।

यहां जेसीबी से ढांग काटकर प्लाटिंग के लिए मार्ग बनाया जा रहा था। जबकि, पास ही नगर निगम के स्वामित्व का बोर्ड भी लगा हुआ था। गुजराड़ा मानसिंह, धोरण, डांडा लखौंड, डांडा खुदानेवाला, नूरीवाला, अधोईवाला, मंदाकिनी विहार, एकता विहार समेत अन्य क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सरकारी भूमि कब्जाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *