देहरादून। देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क है। पहाड़ से मैदान तक तपिश महसूस की जा रही है। चटख धूप के कारण अधिकतम तापमान चढ़ रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों में पारा सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हो रही है, जिससे सुबह-शाम ठंड कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन दून में वर्षा के आसार नहीं हैं। शुष्क मौसम में तपिश बढ़ सकती है। दून में बुधवार को सुबह से ही धूप खिली रही। जिससे दिन में तपिश महसूस की गई और पारा भी अधिक दर्ज किया गया।
धूप खिलने से बनी रही गर्माहट
आसपास के क्षेत्रों में भी दिनभर धूप खिलने से वातावरण में गर्माहट रही। इसके साथ ही ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक से दो डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम ठंड कम हो गई है। दून में बीते आठ वर्ष में यह सबसे कम ठंडा फरवरी बीत रहा है। इसके साथ ही फिलहाल वर्षा के भी आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी गर्मी
ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी सता सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, अगले तीन दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। इस दौरान पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिली रह सकती है। साथ ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बने रहने के आसार हैं।