देहरादून। Uttarakhand Crime: शादी का झांसा देकर पीड़िता का सालों तक यौन शोषण किया गया। आरोपित ने अपनी 10 वर्ष की जैविक पुत्री को भी शिकार बनाने का प्रयास किया। अपनी और बच्ची की जान बचाने के लिए पीड़िता अब पुलिस की शरण में आई है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
शादी का झांसा देकर बना लिए शारीरिक संबंध
पटेलनगर थानाध्यक्ष केके लुंठी ने बताया कि उन्हें आइएसबीटी क्षेत्र निवासी पीड़िता ने शिकायत दी। जिसमें बताया कि वर्ष 2012 उसका परिचय क्षेत्र के ही गुड्डू उर्फ वजाहत खान से हुआ। वजाहत ने उससे दोस्ती की और फिर प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोपित ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना लिए।
2015 में दिया बच्ची को जन्म
कुछ वर्ष तक दोनों मिलते रहे, जिसका पता चलने पर युवती के स्वजन ने उसे घर से निकाल दिया और रिश्ता तोड़ दिया। जिस पर वह अकेली कमरा लेकर रहने लगी और वर्ष 2015 में गर्भवती हो गई। नवंबर 2015 में उसने बच्ची को जन्म दिया और आरोपित वजाहत खान पर शादी के लिए दबाव बनाया। लेकिन, वह बहाने करता रहा। तभी पीड़िता को पता चला कि आरोपित पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
करने लगा गाली-गलौज और हाथापाई
आरोपित ने पीड़िता को बताया कि घरवालों ने उसकी शादी जबरदस्ती करा दी थी और वह अब भी उससे प्यार करता है। इसके बाद कुछ समय तक पीड़िता के साथ आरोपित संबंध बनाता रहा। शादी न करने पर पीड़िता ने आरोपित से दूर जाने की बात कही तो वह गाली-गलौज और हाथापाई करने लगा।
धमकाता रहा वजाहत खान
आरोपित वजाहत खान अपने भाई के पार्षद होने और समुदाय के लोगों का उसे सपोर्ट होने की बात कहकर धमकाता रहा। पीड़िता को यह भी पता चला कि आरोपित उसकी पुत्री के साथ भी अश्लील हरकतें कर रहा है। विरोध करने पर वह उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। हाल ही में आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ पीड़िता को जबरन कार में बैठाने का भी प्रयास किया।