Uttarakhand Nikay Chunav Voting: देहरादून ने बिगाड़ा वोटों का गणित, पिछली बार से कम हुआ मतदान

 

देहरादून। Uttarakhand Nikay Chunav Voting: उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव में इस बार मत प्रतिशत कम रहना राजनीतिक विश्लेषकों का चौंका रहा है। जो तस्वीर निकलकर सामने आ रही है, वह दर्शा रही है कि देहरादून जिले ने प्रदेश में वोटों का गणित बिगाडऩे में मुख्य भूमिका निभाई।

देहरादून जिले में सबसे कम मतदान हुआ है। अनंतिम आंकड़ों को देखें तो यहां मतदान प्रतिशत 60 तक भी नहीं पहुंंच पाया। वर्ष 2018 के निकाय चुनाव में इस जिले में 68.78 प्रतिशत मतदान हुआ था। निकायों की तस्वीर देखें तो इनके चुनावों में मतदान प्रतिशत ठीकठाक रहता है। प्रदेश में वर्ष 2013 में हुए निकाय चुनाव में 65.56 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था।

राजनीतिक दलों ने भी अपनी-अपनी ओर से पूरा जोर लगाया

वर्ष 2018 में यह बढ़कर 69.78 प्रतिशत तक पहुंच गया। ऐसे में माना जा रहा था कि इस बार निकायों में मतदान 75 प्रतिशत का आंकड़ा छू सकता है। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग से लेकर राजनीतिक दलों ने भी अपनी-अपनी ओर से पूरा जोर लगाया था।

बावजूद इसके मत प्रतिशत इस मर्तबा पिछली बार के आंकड़े तक शायद ही पहुंच पाए। निकाय चुनाव के अनंतिम आंकड़े तो इसी तरफ इशारा कर रहे हैं। अनंतिम आंकड़ों में राज्य में 66 प्रतिशत मतदान आंका गया है। अंतिम आंकड़े आने पर इसमें एक-दो प्रतिशत की ही वृद्धि संभव है।

इस परिदृश्य के बीच राजनीतिक विश्लेषक कम मतदान को लेकर माथापच्ची में भी जुट गए हैं। देहरादून जिले के मतदाताओं की मतदान के प्रति बेरुखी ने अधिक चिंता बढ़ाई है। इस जिले को लें तो देहरादून में सात नगर निकाय हैं। इनमें राज्य का सबसे बड़ा नगर निगम देहरादून भी शामिल है। जिले में निकायों में मतदाताओं की संख्या भी सर्वाधिक 9.98 लाख है। पिछले चुनावों में यहां मतदान भी ठीकठाक होता आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *