जहां हुई छात्रा से छेड़छाड़ उस पलटन बाजार में अब परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर, मार्केट में SSP ने देखे CCTV

 

देहरादून। पलटन बाजार में छात्रा के साथ छेड़छाड़ के बाद उपजे विवाद व महिला सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की ओर से लगाए 22 कैमरों का निरीक्षण करने के लिए एसएसपी अजय सिंह मंगलवार को शहर कोतवाली पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित मानिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम में उपयुक्त कर्मचारी को नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मॉनिटरिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों को लाउड हेलर के माध्यम से चेतावनी देने व उन्हें चिन्हित कर आवश्यक एक्शन लेने के निर्देश दिए।

एसएसपी और डीएम ने किया था भ्रमण

कुछ समय पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल व एसएसपी अजय सिंह ने पलटन बाजार का भ्रमण कर महिला सुरक्षा की दृष्टि से पलटन बाजार व उसके आसपास भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के सहयोग से पलटन बाजार व उसके आसपास क्षेत्र में 22 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी कैमरों की मॉनिटरिंग के लिए शहर कोतवाली में कंट्रोल रूम बनाया गया है।

सबसे भीड़भाड़ वाला बाजार है पलटन

पलटन बाजार शहर का सबसे भीड़भाड़ वाला बाजार है, यहां पर दून से ही नहीं उत्तराखंड व बाहरी राज्यों से लोग खरीदारी करने के लिए आते हैँ। त्यौहार व रविवार को बाजार में भीड़भाड़ इतनी अधिक रहती है कि पुलिस को व्यवस्था बनाने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बाजार में छेड़छाड़, चोरी व छीनाझपटी की घटनाएं बढ़ रही है, जिसके चलते बाजार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की कवायद काफी समय से चल रही है। इसी कड़ी में बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *