देहरादून। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ दून में भी उल्लास और भक्तिभाव से मनाई गई। मंदिराें में जहां पूजा अर्चना, श्रीराम के जयकारे के साथ हनुमान चालीसा पाठ हुए, वहीं श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आशीर्वाद लिया। परिवार और देश की सुख समृद्धि की कामना की। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फूलों के श्रीराम की प्रतिमा और डीजे पर भजन लगाए गए। कई जगह शोभायात्रा निकाली गई तो परिचर्चा भी हुई।
धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक संगठन के साथ ही विभिन्न कॉलोनियों में भी सोसाइटी ने जगह-जगह स्टॉल लगाकर भंडारे का आयोजन और लड्डू का प्रसाद वितरित किया। रात को दीये की रोशनी और रंग बिरंगी लाइटों से मंदिर जगमग रहे। दीपलोक कालोनी स्थित श्रीराम मंदिर में श्री राम मंदिर समिति की ओर से स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। श्री राम की विशेष पूजा-अर्चना को लेकर मंदिर विग्रहों को नवीन वस्त्र और आभूषणों से सजाया गया।
दीये की रोशनी से जगमग रहे मंदिर
मंदिर प्रांगण दीये की रोशनी से जगमगाए रहे, जिससे पूरा क्षेत्र एक अद्भुत आध्यात्मिक माहौल में डूब गया। महिलाओं ने भगवान श्रीराम के प्रति अपनी भक्ति को व्यक्त करते हुए भक्ति गीत प्रस्तुत किए। मंदिर समिति के सचिव अरविंद मित्तल ने कहा कि आयोजन श्रीराम के प्रति श्रद्धा और उनकी शिक्षाओं के प्रति समर्पण का एक उदाहरण था। यह उत्सव न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और आध्यात्मिकता का संदेश भी देता है।
इस मौके पर समिति के प्रधान आरके गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुनील गोयल, उत्सव मंत्री अनिल आनंद, शंकर थापा, प्रोफेसर शिव कुमार दादर आदि मौजूद रहे। वहीं पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में महंत श्री 108 कृष्णा गिरी महाराज के सानिध्य में सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस मौके पर दिगंबर रवि गिरी, दिगंबर तेज गिरी,पंडित ऋषभ, सौरव आदि मौजूद रहे।
विभिन्न जगहों पर हुए सुंदारकांड और भजन कीर्तन
खुड़बुड़ा स्थित श्री ऋषि आश्रम मंदिर में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा का पाठ, आरती और भजन कीर्तन हुए। समिति के प्रधान महेश गुप्ता संयोजक सत्य प्रकाश गोयल ने इस दिन को विशेष बताया। वीर सावरकर संगठन की ओर से चकराता रोड स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। यहां मुख्य आकर्षण श्रीराम की 20 फीट ऊंची मूर्ति रही। लोगों ने आशीर्वाद लिया और जयकारे लगाए।
संगठन के संस्थापक अध्यक्ष कुलदीप स्वेडिया ने कहा कि आज का दिन किसी पर्व से कम नहीं है। वैदिक ब्राह्मण सभा की ओर से प्रकाश नगर स्थित भगवान राम, परशुराम मंदिर में संगीतमयी सुंदरकांड का पाठ किया गया। इस दौरान विद्यालय के छात्रों ने भी प्रतिभगा किया। इस मौके पर सभा के प्रधान आचार्य पवन कुमार शर्मा, संयोजक ओम प्रकाश वशिष्ठ, महामंत्री गौरव बक्शी आदि मौजूद रहे।
सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में विराजमान श्री राम दरबार की सामूहिक पूजा अचर्ना के बाद 108 बार श्रीराम के नाम का पाठ किया गया। रिंकू गुलाटी जागरण पार्टी की ओर से सामूहिक सुंदरकांड के पाठ के बाद भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु खूब झूमे। शाम को आरती के बाद मंदिर प्रांगण को श्रद्धालु और मंदिर के सेवादारों ने 501 दीये जलाकर जगमग किया। सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया।