Weather Update: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड के बीच आज बारिश के आसार; देखिए दून-मसूरी मौसम

Dehradun  दून में दो दिन से बादल मंडरा रहे हैं और पारा लगातार गिर रहा है। जिससे कड़ाके की ठंड सितम ढा रही है। सुबह धुंध और कोहरा भी दुश्वारियां बढ़ा रहे हैं। दून में भले ही वर्षा नहीं हुई, लेकिन मौसम के बदले मिजाज से पारा जरूर सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। जबकि, मसूरी में दिन का पारा दून से भी अधिक रहा।

दून का दिन मसूरी-नैनीताल समेत कई हिल स्टेशन से ज्यादा सर्द हो गया है। दिन में ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अलाव जले नजर आए। जबकि, सरकारी कार्यालयों में भी सन्नाटा पसरा रहा।

शुक्रवार को दून में सुबह से ही बादलों का डेरा रहा। मैदानी क्षेत्रों में धुंध और कोहरा छाया रहने से कंपकंपी बढ़ गई। दोपहर बाद तक शहर में धूप के दर्शन नहीं हुए। हालांकि, कहीं-कहीं हल्की धूप खिली, लेकिन सर्द हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की गई।

 

दून में तापमान भी गिरावट

दून में तापमान भी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। जो कि चार दिन में करीब आठ डिग्री सेल्सियस घट चुका है। पहाड़ी क्षेत्राें में धूप खिलने से अधिकतम तापमान बढ़ गया है, हालांकि रातें बेहद सर्द हैं। दून में पिछले कुछ दिन से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक है, लेकिन अधिकतम पारे में लगातार गिरावट आ रही है।

मसूरी और नैनीताल में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया जा रहा है। वहीं दून में अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।

आज वर्षा की संभावना के बीच पारे में और गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार आज दून में बादल छाये रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जिले में कुछ क्षेत्रों में गर्जन के साथ ओलावृष्टि को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *