Mahakumbh 2025: देहरादून से प्रयागराज के ल‍िए आज से चलेंगी वॉल्‍वो बसें, जानिए किराया से लेकर टाइमिंग तक सबकुछ

 

देहरादून। प्रयागराज महाकुंभ को लेकर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से दो विशेष बसें आज शुक्रवार से संचालित होंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के क्रम में यह बसें दून से हरिद्वार व लखनऊ-रायबरेली होते हुए प्रयागराज जाएंगी। उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी।

विशेष बसों में एक बस साधारण होगी, जो रोजाना सुबह 10 बजे, जबकि दूसरी बस सुपर डीलक्स वॉल्वो है जो रोजाना शाम पांच बजे दून आइएसबीटी से संचालित होगी। वॉल्वो बस में दून से प्रयागराज तक का किराया 2279 रुपये, जबकि साधारण बस में 1160 रुपये प्रति यात्री रहेगा। वॉल्वो बस की यात्रा करीब 16 घंटे में जबकि साधारण बस करीब 18 से 19 घंटे में अपनी यात्रा तय करेगी।

प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हाे रहा महाकुंभ

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 13 जनवरी से शुरू हो रहे भव्य महाकुंभ को लेकर मुख्यमंत्री पुष्‍कर स‍िंंह धामी ने परिवहन सचिव को देहरादून-हरिद्वार से प्रयागराज के लिए सीधी बस सेवा चलाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में आज शुक्रवार से परिवहन निगम प्रयागराज के लिए दून से दो विशेष बस सेवा शुरू करने जा रहा है।

एक तरफ से 800 क‍िमी की दूरी तय करेगी बस

ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजीव गुप्ता ने बताया कि देहरादून आइएसबीटी से संचालित यह दोनों बसें हरिद्वार, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, रायबरेली होकर प्रयागराज पहुंचेगी। बसों का देहरादून से प्रयागराज तक का किराया निर्धारित कर दिया गया है। यह बस एक तरफ से करीब 800 किमी की दूरी तय करेगी।

न‍ियुक्‍त क‍िए जाएंगे दो-दो चाल‍क

यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत दोनों बसों पर दो-दो चालक नियुक्त क‍िए जाएंगे। साधारण बस सुबह 10 बजे दून से चलकर अगले दिन सुबह पांच बजे तक प्रयागराज पहुंचेगी, जबकि वॉल्वो बस शाम पांच बजे देहरादून से चलेगी और अगले दिन सुबह नौ बजे तक प्रयागराज पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *