देहरादून। Uttarakhand Weather: मौसम के अचानक करवट बदलने के बाद दून में शुक्रवार और शनिवार को दिनभर बादल छाये रहे। इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा के कई दौर हुए। 24 घंटे के भीतर दून में दर्ज की गई औसत वर्षा बीते 10 वर्ष में सर्वाधिक है। इसके अलावा पूरे दिसंबर में भी इस बार दून में बारिश का नया कीर्तिमान बना है।
दो दिन से शहर का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया जा रहा है। आज से दून समेत आसपास के क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, एक जनवरी से मौसम के फिर करवट बदलने की आशंका है।
शनिवार को भी दिनभर रिमझिम वर्षा जारी रही
दो दिन से दून में रुक-रुककर वर्षा का क्रम बना रहा। शनिवार को भी दिनभर रिमझिम वर्षा जारी रही। शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक दून में औसत वर्षा 22.5 मिमी तो शनिवार को दिनभर में 10.2 मिमी बारिश हुई। इससे पहले वर्ष 2014 में दिसंबर में एक दिन में सर्वाधिक वर्षा 23.4 मिमी रिकार्ड की गई थी। वहीं, माह में सर्वाधिक वर्षा भी 10 वर्ष बाद 2014 में ही दर्ज की गई है।
वहीं, बारिश के कारण दून में पारे में भी भारी गिरावट आई है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम है। अन्य कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस तक कम रहा। अगले कुछ दिन पारा सामान्य से कम रहने के आसार हैं। हालांकि, अब अगले कुछ दिन बारिश की संभावना है।
कोटी में 83 मिमी रिकार्ड वर्षा
प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा चकराता के कोटी में दर्ज की गई। यहां 24 घंटे में 83 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई। इसके अलावा धनोल्टी में 41 मिमी, पुरोला में 34, चंबा में 25 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जो कि बीते कुछ वर्षों में दिसंबर में एक दिन में हुई सर्वाधिक वर्षा है।
दून में दो दिन से कड़ाके की ठंड
दून में शुक्रवार के बाद शनिवार को भी दिनभर धूप के दर्शन नहीं हुए और हल्की से मध्यम वर्षा होती रही। पारे में गिरावट के कारण यहां शीत दिवस की स्थिति रही। जगह-जगह दिन में ही अलाव जलते नजर आए और लोग चौक-चौराहों के पास आड़ लेकर आग सेकते रहे। बाजारों में भी आम दिनों की अपेक्षा कम भीड़ रही। बारिश के बाद शाम को सर्द हवाओं ने भी कंपकंपी छुड़ाई।